30 लाख दो, मेरा पति ले लो

  • शादी की मांग कर रही पति की प्रेमिका के सामने पत्नी का ऑफर

  • शादीशुदा होने के बावजूद शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक संबंध बनाया

विकास गुप्ता, कोलकाता

कोलकाता में पिछले दिनों एक अजीबोगरीब घटना सामने आयी, जहां एक पत्नी ने 30 लाख रुपये देने पर पति को हमेशा के लिए छोड़ देने का ऑफर दे दिया. यह ऑफर उसने पति की प्रेमिका को दिया, जो उसके पति से शादी की मांग करते हुए उसके घर पहुंची थी. प्रेमिका का कहना था कि महिला के पति ने उसके साथ दुष्कर्म किया है, इसीलिए उसे उससे शादी करनी होगी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शादी की मांग कर रही पति की प्रेमिका को उसकी पत्नी ने कहा : ठीक है तुम मेरे पति के साथ जो करना है कर सकती हो. लेकिन उसके पहले तुम्हें मेरी शर्त माननी होगी. हमारे तीन बच्चे हैं, जिनके पालन पोषण के लिए 30 लाख रुपये दे दो और मेरे पति को ले लो.
पत्नी के इस ऑफर से प्रेमिका तिलमिला गयी और हंगामा करने लगी. दोनों महिलाएं आपस में जोर-जोर से झगड़ने लगी. ऐसे में रात के समय शोर-शराबा सुन कर पूरा मोहल्ला घर पर जुट गया. इतने में इलाके में हंगामा की खबर पा कर थाने से पुलिस मौके पर पहुंच गये. पुलिस को देख कर पीड़िता फूट-फूट कर रोने लगी और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म होने की शिकायत करने लगी. ऐसे में पुलिस अधिकारी ने पीड़िता को थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी, जिसके बाद प्रेमिका सीधे थाने पहुंची और सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत दर्ज करा दी. शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रेमी मनोज नाथ (28) को गिरफ्तार कर लिया.

टैक्सी में अपहरण, झाड़ी में सामूहिक दुष्कर्म

शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 22 जून को एक टैक्सी में चार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया. फिर उसे महानगर के बाबूघाट इलाके में ले जाकर झाड़ियों में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. इसके बाद उसे फिर से उसके घर के पास लाकर छोड़ दिया. चार युवकों में उसने मनोज नाथ के नाम का उल्लेख किया, जिसके बाद पुलिस ने मनोज को गिरफ्तार कर लिया.

सीसीटीवी कैमरे में दिखा कुछ और ही

जांच करने पर पुलिस अधिकारियों ने सड़क पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद ली, जहां पीड़िता को आरोपी के साथ झाड़ियों के पीछे जाते देखा गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक फुटेज को देखने के बाद पीड़िता से फिर से पूछताछ की गयी, जहां उसने सहमति से शारीरिक संबंध बनाने का खुलासा किया. पीड़िता ने बताया कि शादी का आश्वासन देने पर उसने मनोज के साथ शारीरिक संबंध बनाया. इसके बाद से मनोज पहले से शादीशुदा होने की बात कह कर उससे शादी नहीं कर रहा था.

अदालत करेगी मामले पर फैसला

पुलिस अधिकारी का कहना है कि पूरे मामले को अदालत के सामने रखा जायेगा, जिसके बाद अदालत के निर्देश पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.

waahzindagi

Comments

Popular posts from this blog

एक इतालवी, जिस पर नाज़ करता है राजस्थान

एे खूबसूरत जिंदगी (कविता)

2 short n interesting stories